राबर्ट वाड्रा भी कॉमनवेल्थ गेम घोटाले में शामिल - आज़म खान


सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा की भूमिका की जांच कॉमनवेल्थ गेम घोटाले में भी होना चाहिये, यह कहना है सपा के वरिष्ठ नेता आज़म खान का। आज़म का साफ कहना है कि वाड्रा को महज़ इसलिये बचाया जा रहा है क्योंकि वह कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद हैं, तो साथ में उन्होनें केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद को भी निशानें पर लिया।

हरियाणा में जमीन घोटाले में नाम आने के बाद राबर्ट वाड्रा के लिए एक और मुसीबत सामने आ रही है। यूपी के वरिष्ठ मंत्री आजम खान ने कहा है कि कॉमनवेल्थ खेलों में भी राबर्ट वाड्रा की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

यूपी के वरिष्ठ मंत्री आजम खान ने कहा है कि सलमान खुर्शीद के ट्रस्ट ने विकलांगों से छल किया है। आजम खान ने कहा उनके ट्रस्ट को लेकर जो बातें सामने आ रही हैं उनसे यही लगता है। आजम ने कहा सलमान खुर्शीद के ट्रस्ट की जांच बीएसपी सरकार के समय से चल रही है, जो इस सरकार में भी जारी है।

साफ है सलमान खुर्शीद और राबर्ट वाड्रा की मुश्किलें खत्म होनें का नाम नही ले रही है। दोनों पर हर रोज़ रोज नये आरोप लगाये जा रहे हैं लेकिन आज़म खां का राबर्ट वाड्रा पर लगाया गया आरोप और भी संगीन है। पहले ही हरियाणा में ज़मीन घोटाले में नाम आनें के बाद अब आज़म नें कामनवेल्थ खेलों में राबर्ट वाड्रा की भूमिका की जांच कह कर वाड्रा की मुसीबतों को और बढ़ा दिया है।

बीजेपी ने शीला दीक्षित पर भ्रष्टाचार का मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी

प्रदेश बीजेपी ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर मुकदमा चलाने के लिए उपराज्यपाल तेजेंद्र खन्ना से अनुमति मांगी है। मुख्यमंत्री उनकी सरकार के आला अफसरों पर पार्टी ने कॉमनवेल्थ गेम्स प्रॉजेक्ट में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। इसका इशारा शुंगलू कमिटी ने भी किया है।

प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के अनुसार, उन्होंने एलजी को मुख्यमंत्री के खिलाफ 7 पृष्ठ के आरोप पत्र में 16 सबूत दिए हैं कि किस प्रकार गेम्स के दौरान घोटाले किए गए। अध्यक्ष का कहना है कि मुख्यमंत्री व उनकी टीम ने खेल संबंधी दस्तावेजों में जालसाजी और हेराफेरी कर अपने चहेतों को करोड़ों रुपये का लाभ पहुंचाया है।

कांग्रेस ने अपनी दुकानदारी के लिए द्रमुक को ‘आउटसोर्स’ किया - गडकरी

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने आज आरोप लगाया कि उसने 2 जी स्पेक्ट्रम आवंटन में जनता के धन को लूटने के लिए द्रमुक कोआउटसोर्सकिया है।

उन्होंने यहां पार्टी की एक रैली में कहा, ‘‘2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले के लिए कांग्रेस ने पैसा बनाने के लिए द्रमुक को आउटसोर्स किया था जिसमें :पूर्व दूरसंचार मंत्री: ए राजा ने अग्रणी भूमिका निभाई और :तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम: करुणानिधि इसके मुख्य सरगना थे।’’

गडकरी ने कहा कि 2 जी, राष्ट्रमंडल खेल और आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटालों के कारण साल 2010 घोटालों का वर्ष बन गया। गडकरी ने आरोप लगाया कि इसमें कुल ढाई लाख करोड़ रुपये शामिल हैं, जो देश के सकल घरेलू उत्पाद का तीन फीसदी है।

गरीब हिंदू छात्रों को शैक्षणिक सहायता की मांग को लेकर समूचे तमिलनाडु में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पोन राधा कृष्णन द्वारा निकाली गई 40 दिवसीय यात्रा के समापन पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस ने अपनी दुकानदारी चलाने के लिए 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाले में द्रमुक का इस्तेमाल किया।’’

कलमाड़ी के आशियानों पर सीबीआई के छापे

कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान वित्तीय गड़बडियों को लेकर ऑर्गनाइजिंग कमिटी के अध्यक्ष रहे कांग्रेस एमपी सुरेश कलमाड़ी के घरों पर सीबीआई ने शुक्रवार सुबह छापे मारे। सीबीआई ने कलमाड़ी के दिल्ली और पुणे स्थित आवासों पर छापे मारे हैं।

सीबीआई ने इन दोनों जगहों पर स्थित उनके कुल चार ठिकानों पर छापे मारे हैं। सूत्रों का कहना है कि कॉमनवेल्थ घोटाले से संबंधित कई महत्वपूर्ण कागजातों के गायब होने के बाद यह छापे मारे जा रहे हैं। सीबीआई इससे पहले आयोजन समिति से जुड़े कई अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है।

सीबीआई यह बात पहले भी कह चुकी है कि कलमाड़ी और उनके साथी सीबीआई के काम में टांग अड़ा रहे हैं। उनके सहयोगी टी एस दरबारी और संजय मोहिन्द्रू फिलहाल जेल में हैं। आज शाम तक कलमाड़ी के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज करवाई जा सकती है।

पूर्व राज्यपाल एस.के. सिंह के पुत्र कनिष्क सिंह भी कॉमनवेल्थ गेम्स के घोटालेबाज

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और राजस्थान प्रभारी किरीट सोमैया ने कॉमनवेल्थ गेम्स में हुए घोटालों में राजस्थान में राज्यपाल रहे एस.के. सिंह के पुत्र कनिष्क सिंह के शामिल होने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि कनिष्क सिंह कांग्रेस के एक हाई प्रोफाइल महासचिव के स्टाफ में शामिल हैं और उनकी शह पर सरकार ने खेलों के लिए निर्माण करने वाली कंपनी एमार एमजीएफ को 2100 करोड़ रुपए बिना किसी कारण के अग्रिम दे दिए। उन्होंने इस संबंध में सरकार और कंपनी के बीच हुए एग्रीमेंट भी दिखाए और आरोप लगाया कि 70,000 करोड़ रुपए के घोटाले में कांग्रेस के मंत्री और पदाधिकारी शामिल हैं। उन्होंने मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति से कराने की मांग की है। सोमैया ने पूछा कि कनिष्क कांग्रेस सचिवालय में किस हैसियत से हैं और किसके लिए काम करते हैं? उनका एमार एमजीएफ परिवार से क्या संबंध है?

2100 करोड़ का गणित: सोमैया ने बताया कि खेलों में आवासीय व्यवस्था के लिए 20,91,525 वर्ग फुट निर्माण कराना था। इसके लिए डीडीए ने जमीन दी। इसके बाद कंपनी ने पैसा नहीं होने की बाद कहकर सरकार से सहयोग मांगा।

केंद्र सरकार और डीडीए ने एक ऑर्डर एग्रीमेंट से 767 करोड़ रुपए नकद और 697 वर्ग फुट रेडीमेड कंस्ट्रक्शन एरिया एमार एमजीएफ को दे दिए। इस निर्मित क्षेत्र की कीमत 25,000 रुपए वर्ग फुट के हिसाब से 1750 करोड़ रुपए होती। इसमें से 400 करोड़ वास्तविक लागत घटाने पर 1350 करोड़ रुपए बचते हैं। इसमें नकद दी राशि 767 करोड़ जोड़ने पर कुल राशि 2117 करोड़ रुपए होती है। उन्होंने कहा कि इस मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए।


रेड्डी और शीला क्यों नहीं: सोमैया ने कहा कि कांग्रेस के आलाकमान ने घोटाले उजागर होने के बाद कलमाड़ी को तो हटा दिया, लेकिन शहरी विकास मंत्री जयपाल रेड्डी और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

ओबामा के जाते ही लीपापोती-कलमाड़ी को सचिव पद से हटाया

कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने ऐलान किया कि कांग्रेस संसदीय दल के सचिव के रूप में सुरेश कलमाडी का इस्तीफा भी तुरंत प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है कलमाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद आलोचनाओं में घिरे थे

इससे पहले कलमाडी को इस्तीफा देने के लिए कहा गया था । वह पुणे से पार्टी के लोकसभा सदस्य हैं । पिछले महीने राजधानी में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों में कलमाडी की भूमिका संदिग्ध है

इस्तीफा लेने का फैसला अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत की तीन दिन की यात्रा समाप्त करके जाने के कुछ ही मिनट के भीतर लिया गया ।

सोनिया गाँधी के लिए बाबरी को गिराना शर्मनाक पर भ्रष्‍टाचार का स्वागत

राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में भ्रष्टाचार के विवादों से निपटने से पहले ही महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का आदर्श सोसायटी कांड में फंसना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। लेकिन पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दे जिक्र तक नहीं किया।

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को उम्‍मीद थी‍ कि पार्टी अध्यक्ष अपने संबोधन में पार्टी की छवि और सार्वजनिक जीवन में भ्रष्टाचार की समस्या पर चिंता जाहिर कर सकती हैं जबकि सोनिया ने इसके उलट पार्टी द्वारा किए गए कार्यों का गुणगान करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की राजनैतिक जमीन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

सोनिया गांधी ने अपने भाषण में यूपीए सरकार द्वारा शुरु की गई योजनाओं का हवाला देते हुए राज्य सरकारों पर इन योजनाओं को सही से लागू न करने का आरोप लगाया। सोनिया ने कहा कि केंद्र द्वारा बनाई गई कल्याणकारी योजनाओं का श्रेय तो राज्य सरकारे ले लेती हैं लेकिन इन योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने की जिम्मेदारी से बचती रहती है।

सोनिया ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली ठीक से चलाना, कालाबाजिरियों, सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई करना राज्यों की जिम्मेदारी है। प्रत्येक कांग्रेसी राज्यों पर अपने काम करने के लिए दवाब बनाए। कश्मीर में हुई हिंसा पर वेदना प्रकट करते हुए सोनिया ने कहा कि कश्मीर में हमारे सामने नया संकट है, पिछले कुछ महीनों में जो कुछ हुआ वो पीड़ादायक है।

सोनिया ने कहा कि कश्मीर की सरकार से जो लोग भी असंतुष्ट हैं मैं उनसे आग्रह करती हूं कि वो सरकार पर विश्वास करे। शांति बहाल करने का एक मौका दें और एक बेहतर भविष्य की बुनियाद रखने की कोशिश करे। सोनिया गांधी ने कहा कि अयोध्या विवाद में इलाहबाद हाईकोर्ट के फैसला किसी भी रूप में बाबरी मस्जिद को गिराए जाने के न्यायिक नहीं ठहराता है।

बाबरी को गिराना शर्मनाक और आपराधिक कृत्य था। जो लोग भी इसमे शामिल थे उन्हें सजा अवश्य मिलेगी। सोनिया ने कहा कि वो सबसे ज्यादा बढ़ रही महंगाई से चिंतित हैं। आंकड़ों के कुछ भी कह सकते हैं लेकिन देश का आम आदमी जब दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष करता है तो दुख होता है। महंगाई घटाने और विकास का सही अर्थों में मतलब यही है कि देश के आम नागरिकों का जीवन बेहतर हो।

सोनिया ने कहा कि हम उस संगठन के कार्यकर्ता हैं जिसने आधुनिक भारत की बुनियाद डाली है। हमारी पार्टी ने देश को एक मजबूत धागे से जोड़े रखा है। एक मजबूत और सेक्यूलर भारत बनाया है। एक ऐसा भारत जिसकी आज दुनिया में खास जगह है। सोनिया ने कहा कि देश में ऐसी कोई दूसरी पार्टी नहीं है जो हर गांव, हर कस्बे और हर मोहल्ले में मौजूद हो। हम सिर्फ एक कारगर चुनावी मशीन नहीं बने रह सकते जो केवल चुनाव के समय ही काम करना शुरु करती है। बल्कि हमे हमेशा काम करते रहना है।

सोनिया गांधी ने आने वाले समय में होने वाले विधानसभा चुनावों पर जोर दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से अभी से सक्रिय हो जाने की अपील की। सोनिया ने कहा कि हमने कई राज्यों में दूसरी पार्टियों के साथ तालमेल बनाया है। हम अन्य पार्टियों का सम्मान करते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि हम अपनी पार्टी की ताकत को बढ़ाना या राजनीतिक जगह बनाना छोड़ दे। हमे दस राज्यों में चुनावों का सामना करना है। यह कांग्रेस के लिए इम्तेहान है। हमे मिलकर इसका सामना करना है। अच्छे उम्मीदवारों का चयन हो, सही ढंग से प्रचार हो हमे इसकी व्यवस्था करनी है। अंत में सोनिया ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ताओं को समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सुधार करने के प्रयास करने है। देश के आम नागरिक का विकास ही कांग्रेस का विकास है।

मुझसे सिर्फ ‘राजनीतिक बदला’ लिया जा रहा है - सुधांशु मित्तल

भारतीय जनता पार्टी के नेता सुधांशु मित्तल ने भ्रष्टाचार के आरोपों को नकारते हुए कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में कथित अनियमितता के लिये उन्हेंराजनीतिक बलि का बकराबनाया गया है

मित्तल ने कहा, ‘‘मुझे केवल राजनीतिक बलि का बकरा बनाया गया है ।’’ उन्होंने अपने परिवार या खुद के भ्रष्टाचार में शामिल होने से इंकार किया । इससे पहले मित्तल के परिसरों पर आयकर विभाग ने छापे मारे थे ।

मित्तल को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह और प्रमोद महाजन का नजदीकी माना जाता है । मित्तल ने कहा कि उनकी कंपनी दिल्ली टेंट एंड डेकोरेटिव ने राष्ट्रमंडल खेलों की एजेंसियों से केवल 29 लाख का बिजनेस किया था ।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों की अनियमितताओं की जांच के नाम पर ‘राजनीतिक बदला’ लिया जा रहा है ।

भारतीय दर्शक अशिष्ट हैं - जीशान अशरफ, पाकिस्तान हाकी महासंघ

पाकिस्तान हाकी महासंघ और राष्ट्रीय कप्तान जीशान अशरफ का मानना है कि राष्ट्रमंडल खेलों में टीम के खराब प्रदर्शन का एक कारण दिल्ली में दर्शकों का बर्ताव भी रहा जो मुंबई आतंकी हमले के बादअशिष्टहो गए हैं

पीएचएफ सचिव आसिफ बाजवा ने कहा कि टीम ने उन्हें यही बताया कि 2008 में मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद से उन्हें भारतीय दर्शकों से अधिक अपमान और अशिष्टता झेलना पड़ रहा है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ अब खिलाड़ियों के लिये भारत में खेलना अधिक मुश्किल हो गया है । दर्शकों से मिल रहे बर्ताव के कारण उन पर अधिक दबाव बनता है ।’’ फरवरी मार्च में दिल्ली में हुए विश्व कप में बारहवें स्थान पर रही पाकिस्तान टीम के मैनेजर बाजवा ही थे । उन्हें टीम के खराब प्रदर्शन के बाद पद से हटा दिया गया था ।

राष्ट्रमंडल खेलों में पाकिस्तान छठे स्थान पर रहा ।

बाजवा ने कहा कि खिलाड़ियों ने उन्हें बताया कि दर्शकों के बर्ताव के कारण उन पर काफी दबाव बना । उन्होंने कहा ,‘‘ हमारे लिये यह निराशाजनक है । मैं बहाने नहीं बना रहा लेकिन हमारे खिलाड़ियों पर अब अधिक दबाव होता है ।"

भ्रष्ट्राचार का ईनाम : कलमाड़ी की टीम को एक्सटेंशन

कॉमनवेल्थ गेम्स ऑर्गनाइजिंग कमिटी का कार्यकाल अगले आदेश तक के लिए बढ़ा दिया गया है। यह फैसला कॉमनवेल्थ गेम्स पर मंत्रि समूह (जीओएम) की बहुचर्चित बैठक में किया गया। बैठक केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस जयपाल रेड्डी की अगुवाई में हुई।

बैठक में ऑर्गनाइजिंग कमिटी के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित भी मौजूद थे। बैठक के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए रेड्डी ने कहा कि बैठक में पारित प्रस्ताव में कॉमनवेल्थ गेम्स शानदार ढंग से समाप्त होने पर दिल्लीवासियों और देशवासियों को बधाई दी गई।

उन्होंने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स ऑर्गनाइजिंग कमिटी को उसके मौजूदा स्वरूप में अगले आदेश तक के लिए एक्सटेंशन दे दिया गया है।

जीओएम की बैठक में सुरेश कलमाड़ी से किसी तरह का जवाब तलब किया गया या नहीं और अगर किया गया तो उनके जवाब से जीओएम किस हद तक संतुष्ट थी, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार पर भाजपा कांग्रेस पर हल्ला बोलने की तैय्यारी में

राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों से जुड़े लोग और एजेंसियां आयोजन की सफलता के तले सारे विवादों को दबाने की कोशिश में भले हों, भाजपा इसे भूलने को तैयार नहीं है। राष्ट्रमंडल खेल खत्म होने के दूसरे ही दिन भाजपा ने साफ कर दिया कि वह कुछ दिन इंतजार करेगी और फिर हमला बोलेगी।

पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को यहां कहा कि उनकी सारी तैयारी हो चुकी है। सरकार ने खुद सक्रियता नहीं दिखाई तो विपक्ष राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार की कलई खोलेगा।

गुरुवार रात राष्ट्रमंडल खेलों के सफल समापन के साथ ही आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी और अन्य की ओर से यह संदेश दिया जाने लगा था कि अब जब पूरा विश्व भारत की प्रशंसा कर रहा है तो हमें पीछे देखने की बजाय आगे सोचना चाहिए। शुक्रवार को हालांकि सरकार और सत्ताधारी कांग्रेस की ओर से साफ कर दिया गया कि जांच में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। भाजपा ने भी चेतावनी दे दी है कि कोई ढिलाई हुई तो वह चुप नहीं रहेगी।

जावड़ेकर ने कहा कि सीएजी की अंतरिम रिपोर्ट में ही भ्रष्टाचार की परत खुलने लगी थी। उसके बाद संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत पूरी सरकार ने आश्वासन दिया था कि खेल के बाद इसकी पूरी निष्पक्ष जांच होगी। लिहाजा भाजपा कुछ दिन इंतजार करेगी। इस दौरान यदि चुस्ती से जांच आगे नहीं बढ़ी तो पूरी तैयारी के साथ भाजपा इसकी कलई खोलेगी।

शीला दीक्षित झूठी हैं - दिल्ली के राज्यपाल तेजिंदर खन्ना


गेम्स विलेज की बदहाली पर दुनिया भर से आलोचना झेलने के बाद इसे रहने लायक बनाने का श्रेय लेने की कोशिश कर रहीं दिल्ली की सी एम शीला दीक्षित पर दिल्ली के एलजी ने पलटवार किया है। दरअसल, एलजी तेजिंदर खन्ना ने पीएम को पत्र लिख कर शिकायत की है कि गेम्स विलेज की हफ्ते भर के अंदर हुई 'कायापलट' के मामले में शीला 'पूरा क्रेडिट खुद ही' हड़पना चाहती हैं। जबकि, ऐसा नहीं है।

तिलमिलाए खन्ना ने शीला दीक्षित की इस 'चाल' को नाकाम करने के लिए सीधे पीएम से शिकायत की है। खन्ना ने लिखा है कि शीला 'अनुचित और तथ्यात्मक तौर पर झूठी' बातें बोल रही हैं।

जैसा कि आप जानते हैं, सीडब्ल्यूजी में शामिल देशों के प्रतिनिधियों ने जब गेम्स विलेज का दौरा किया था, तब इसकी असुरक्षा और बदहाली को लेकर सवालिया निशान खड़े हो गए थे। मीडिया में आई तमाम निगेटिव रिपोर्ट्स के बाद इसे 'हफ्ते भर के अंदर रहने योग्य' बनाया दिया गया था।

एलजी ने यह पत्र 7 अक्टूबर को लिखा है। एक इंटरव्यू में सीएम ने बताया था कि कैसे उन्हें आखिरी पलों में गेम्स विलेज की जिम्मेदारी सौंपी गई और सिर्फ चार दिनों में उन्होने गेम्स विलेज को चमका दिया। शीला ने गेम्स की ऑर्गनाइजिंग कमिटी और डीडीए को 'गेम्स विलेज में लापरवाही' बरतने के लिए जिम्मेदार भी ठहराया था। गौरतलब है कि डीडीए के चेयरमैन हैं एलजी तेजिंदर खन्ना।

खन्ना ने लिखा है कि इस कायापलट को किसी एक एंजेसी ने अंजाम नहीं दिया है। गेम्स विलेज पर ऐसी बयानबाजी कर शीला उन सैंकड़ों कर्मचारियों और एजेंसियों का मनोबल गिरा रही हैं जिन्होने दिन रात ईमानदारी से मेहनत मशक्कत कर कम समय में बेहतरीन काम किया।

उन्होंने पत्र में लिखा है, गेम्स विलेज के लिए सीएम ने एमसीडी और एनडीएमसी से अतिरिक्त स्टाफ की मांग की थी जिनका उपयोग विलेज के बाहरी हिस्सों की सफाई के लिए किया गया। कुछ का प्रयोग लिफ्ट्स और सीढ़ियां साफ करने के लिए किया। यह ऊपरी सफाई थी और 'डीप क्लीनिंग' में यह स्टाफ शामिल नहीं था।

उन्होंने यह भी जिक्र किया है कि जब ऑर्गनाइजिंग कमिटी द्वारा जब खुद उनसे काम करवाने के लिए स्टाफ मांगा गया तब खुद उन्होंने 70 जूनियर कमिश्नड ऑफिसर तुरंत अरेंज किए थे। खन्ना ने जेएनएस के पास टूटे पुल को बनवाने के लिए आर्मी से रिक्वेस्ट करने का क्रेडिट भी खुद लिया है। जबकि, शीला दीक्षित का कहना है कि गेम्स विलेज में ऑफिसर नियुक्त करने का फैसला उन्होंने लिया था।

कॉमनवेल्थ गेम्स के 5 लाख के टिकट गायब

कॉमनवेल्थ गेम्स को देश की आन-बान-शान से जोड़ने वाली ऑर्गेनाइजिंग कमिटी एक नए घोटाले में फंसती नजर रही है।
इस बार मामला गेम्स टिकट का है। एक ओर जहां गेम्स के दौरान स्टेडियम वीरान दिखाई दे रहे हैं, तो दूसरी ओर गेम्स देखने वाले दर्शकों को टिकट खिड़की से टिकट मांगने पर टका सा जवाब मिल रहा है कि टिकट उपलब्ध नहीं है। इसके चलते जब इस मसले पर ओसी चीफ सुरेश कलमाड़ी से पूछा गया, तो उनका कहना है कि हमने सभी खेलों के लिए 14 लाख टिकट का इंतजाम किया है और उनमें से 9 लाख टिकट बिक चुके हैं। लेकिन जब उनसे इसी आकंडे को आधार बनाते हुए बाकी बचे 5 लाख टिकटों का हिसाब पूछा तो वह अगल-बगल झांकने लगे। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है, कमिटी इस बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है।

टिकटों के अलावा कमिटी ने 3 लाख कॉम्पलिमेंटरी पास की भी व्यवस्था की थी, लेकिन ओसी के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार लोग पास लेने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।

शुक्रवार को गेम्स देखने पहुंचे ऐसे बहुत से दर्शको को निराशा हाथ लगी जो टिकट लेने के लिए बुकिंग विंडो पर पहुंचे। दिल्ली के ऋषभ अरोड़ा ने बताया कि शुक्रवार को बहुत से खेलों में तो भारत शामिल भी नहीं था, लेकिन फिर भी टिकट उपलब्ध नहीं हुए, जबकि अमूमन देखा जा रहै है कि स्टेडियम खाली पड़े हुए हैं, ऐसा क्यों हो रहा है, समझ में नहीं आता है। एक दूसरे खेल प्रेमी अमरजीत ने बताया कि संडे को भारत-पाक के बीच होने वाले हॉकी मैच के टिकट भी पिछले हफ्ते से उपलब्ध नहीं है और पास भी नहीं मिल रहे हैं। वैसे इस मसले पर कलमाड़ी ने कहा कि दर्शकों ने टिकटें तो खरीदी हैं, लेकिन गर्मी के चलते लोग मैच देखने नहीं आ रहे हैं।

घोटाले दर घोटालो के लिए जाने जाने वाले यह कॉमनवेल्थ गेम्स में हुए इस टिकट घोटाले पर वैसे कई तरीके की बातें सामने आ रही हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बड़ी तादाद में टिकट कबाड़ में बेच दिए गए हैं, तो कुछ के अनुसार अभी पूरे टिकट प्रिंट नहीं हुए है, कुछ लाख टिकटों की प्रिंटिंग चल रही है।

इस मसले पर शनिवार दोपहर सीजीएफ अध्यक्ष माइकल फेनेल ने बताया कि आज एक बैठक में यह फैसला किया गया है कि इस मामले की जांच होगी और इसकी रिपोर्ट संडे तक सौंप दी जाएगी।

राष्ट्रमंडल खेल शहीदों का अपमान है - स्वामी रामदेव

भारत निर्माण यात्रा पर निकले योगगुरु बाबा रामदेव ने भ्रष्ट हो चुके सिस्टम को ठीक करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि आसन करने वाला बाबा राजनीति के सिंहासन की कोई चाह नहीं रखता.

द्वारिका से शुरू हुई यह यात्रा शुक्रवार को कुछ घंटों के लिए अमृतसर में थी और इसी दौरान बाबा ने कहा कि जिन अंग्रेजों ने भारत देश के सात लाख क्रांतिकारियों को मौत के घाट उतार दिया था, आज उसी ब्रिटेन से जुड़े 71 देशों की आवभगत में भारत जुटा हुआ है, यह हमारे शहीदों का अपमान है.
रामदेव जी ने कहा कि कॉमनवेल्थ खेलों की आड़ में इस सरकार ने एक लाख करोड़ रूपये फूंक डाले हैं, यदि इसी पैसों को शिक्षा पर खर्च किया जाता तो देश का भविष्य सुधर सकता था. राजनेताओं के खिलाफ बोलने पर मिल रही धमकियों के सम्बध मे उन्होने कहा कि उनका किसी भी व्यक्ति से द्वेष नहीं है. अगर उन्हें कु्छ भी होता है तो उसकी जिम्मेदारी केन्द्र सरकार की ही होगी.

राष्ट्रमंडल खेल प्रकरण से भारत की छवि बहुत खराब हुई है - माइक फेनेल

खेलगांव पर सदस्य देशों की चिंताओं का निवारण करते हुए राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के प्रमुख माइक फेनेल ने आज कहा कि हालात में सुधार तो हुआ है लेकिन अभी भी काफी गुंजाइश बाकी है।

फेनेल ने खेल गांव के दौरे और टीमों के अभियान प्रमुखों और कल कैबिनेट सचिव से मुलाकात के बाद आज पत्रकारों से कहा, ‘‘हालात में पिछले तीन चार दिन में काफी सुधार हुआ है लेकिन अभी खेल गांव पूरी तरह तैयार नहीं है। काफी सुधार की गुंजाइश है।’’ उन्होंेने स्वकीार किया कि इस पूरे प्रकरण से भारत की छवि बहुत खराब हुई है लेकिन इसे एक सबक की तरह लेना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे भारत को बहुत नुकसान हुआ है क्योंकि भारत राष्ट्रमंडल का सबसे बड़ा सदस्य देश है। सीजीएफ ने भी इससे सबक लिया है कि भारत जैसे देश में किस तरह आयोजन किया जाना चाहिए।’’ वहीं आलोचनाओं के शिकार आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी ने आयोजन स्थल समय पर नहीं मिलने पर दोष मढ़ते हुए कहा कि सिर्फ आयोजन समिति को कसूरवार ठहराना ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘सात साल पहले जब हमें मेजबानी मिली तो मेजबान शहर का अनुबंध करते समय सभी की जिम्मेदारियां तय हो गई थी। आयोजन समिति का काम स्थलों को तैयार करना नहीं है। हमें आयोजन स्थल देर से मिले। इसके अलावा मीडिया में बजट को लेकर भी गलत धारणा है। आयोजन समिति का बजट 1600 करोड़ रुपये है। बाकी बुनियादी ढांचों पर खर्च हुआ है।’’

दिल्ली सरकार की आपात बैठक

राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत से महज एक हफ्ते पहले लंबित काम जल्द से जल्द निपटाने की मशक्कत कर रहे अधिकारी खेलगांव के 100 से ज्यादा फ्लैटों में बिजली और पानी के कनेक्शन से जुड़े काम पूरा करने में व्यस्त हैं

एक आपात बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने खेलगांव की स्थिति का जायजा लिया । इस बैठक में दिल्ली सरकार के आला हुक्मरानों के अलावा डीडीए और राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अधिकारी शामिल रहे ।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने उन समस्याओं पर चर्चा की जो सामने आ रही हैं।

राष्ट्रमंडल खेलों पर बॉलीवुड भी शर्मिंदा

हर तरफ से आलोचनाओं का शिकार राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन पर अब हिंदी फिल्म जगत ने भी निशाना साधा है और इसकी तैयारियों में सामने रही लचर स्थिति पर निराशा जतायी है।

फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर ने अक्तूबर में होने वाले इस आयोजन को डार्क कॉमेडी की संज्ञा दे डाली। उन्होंने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा, ‘‘मुझे लगता है कि ‘गेम्स’ शीषर्क से राष्ट्रमंडल खेलों में एक डार्क कॉमेडी फिल्म बनायी जा रही है जहां पुल गिर रहा है, सीलिंग टूट रही है।’’ अभिनेता अजरुन रामपाल ने ट्विटर पर लिखा कि राष्ट्रमंडल खेलों पर 70 हजार करोड़ खर्च हो गये, सेंसेक्स 20 हजार के पार चला गया लेकिन भारत में गरीबी वैसी ही बनी हुई है। क्या यही लोकतंत्र है या केवल पाखंड है।

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने कहा कि यह देश के लिए गौरवान्वित होने का अच्छा अवसर था लेकिन दुर्भाग्य से राष्ट्रमंडल खेलों ने हमें गर्व और सम्मान का एहसान नहीं कराया।

शिल्पा ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘खेलों से एक सप्ताह पहले ही चीजों का गिरना शुरू हो गया है ये और खिलाड़ी स्वास्थ्य तथा सुरक्षा का हवाला देकर पीछे हट रहे हैं इन खबरों से मुझे शर्मिंदगी महसूस हो रही है।’’ गायिका आशा भोंसले ने अपने ट्विटर संदेश में कहा, ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों के निर्माण स्थलों की गंदगी या तो कालीन के नीचे दबाई जा रही है या कचरापेटी में डाली जा रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सब चलता है चलने दो। आगे बढ़ो भाई। इधर सोचने का टाइम नहीं है।’’

Join our WhatsApp Group

Join our WhatsApp Group
Join our WhatsApp Group

फेसबुक समूह:

फेसबुक पेज:

शीर्षक

भाजपा कांग्रेस मुस्लिम नरेन्द्र मोदी हिन्दू कश्मीर अन्तराष्ट्रीय खबरें पाकिस्तान मंदिर सोनिया गाँधी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राहुल गाँधी मोदी सरकार अयोध्या विश्व हिन्दू परिषद् लखनऊ जम्मू उत्तर प्रदेश मुंबई गुजरात दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश श्रीनगर स्वामी रामदेव मनमोहन सिंह अन्ना हजारे लेख बिहार विधानसभा चुनाव बिहार लालकृष्ण आडवाणी मस्जिद स्पेक्ट्रम घोटाला अहमदाबाद अमेरिका नितिन गडकरी सुप्रीम कोर्ट चुनाव पटना भोपाल कर्नाटक सपा सीबीआई आतंकवाद आतंकवादी पी चिदंबरम ईसाई बांग्लादेश हिमाचल प्रदेश उमा भारती बेंगलुरु केरल अरुंधती राय जयपुर पंजाब इस्लामाबाद उमर अब्दुल्ला डा़ प्रवीण भाई तोगड़िया धर्म परिवर्तन महाराष्ट्र सैयद अली शाह गिलानी हिन्दुराष्ट्र अरुण जेटली मोहन भागवत राष्ट्रमंडल खेल वाशिंगटन शिवसेना इंदौर गंगा दवा उद्योग हिंदू कश्मीरी पंडित गोधरा कांड बलात्कार भाजपायूमो मंहगाई यूपीए साध्वी प्रज्ञा सुब्रमण्यम स्वामी चीन बी. एस. येदियुरप्पा भ्रष्टाचार शिवराज सिंह चौहान हिंदुत्व हैदराबाद इलाहाबाद काला धन गौ-हत्या चंडीगढ़ चेन्नई तमिलनाडु नीतीश कुमार शीला दीक्षित सुषमा स्वराज हरियाणा अशोक सिंघल कोलकाता जन लोकपाल विधेयक नई दिल्ली नागपुर मायावती मुजफ्फरनगर मुलायम सिंह रविशंकर प्रसाद स्वामी अग्निवेश अखिल भारतीय हिन्दू महासभा आजम खां उत्तराखंड फिल्म जगत ममता बनर्जी लालू यादव अजमेर प्रणव मुखर्जी बंगाल मालेगांव विस्फोट विकीलीक्स अटल बिहारी वाजपेयी आशाराम बापू ओसामा बिन लादेन नक्सली अरविंद केजरीवाल एबीवीपी कपिल सिब्बल क्रिकेट तरुण विजय तृणमूल कांग्रेस बजरंग दल बसपा बाल ठाकरे राजिस्थान वरुण गांधी वीडियो सोहराबुद्दीन केस हरिद्वार असम गोवा मनीष तिवारी शिमला सिख विरोधी दंगे सिमी इसराइल एनडीए कल्याण सिंह पेट्रोल प्रेम कुमार धूमल सैयद अहमद बुखारी अनुच्छेद 370 जदयू भारत स्वाभिमान मंच हिंदू जनजागृति समिति आम आदमी पार्टी विडियो-Video हिंदू युवा वाहिनी कोयला घोटाला मुस्लिम लीग छत्तीसगढ़ हिंदू जागरण मंच सीवान
registration for Z.com Research India

लोकप्रिय ख़बरें

ख़बरें और भी ...

राष्ट्रवादी समाचार. Powered by Blogger.

नियमित पाठक