#HIV #AIDS से संक्रमित लोगों को समान अधिकार के लिए विधेयक पास

Related image

संसद ने एचआईवी एवं एड्स संक्रमित लोगों को उपचार कराने एवं उनके प्रति किसी भी प्रकार के भेदभाव को रोकने हेतु समान अधिकार सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण विधेयक पारित किया है। लोकसभा द्वारा इस वर्ष 11 अप्रैल को एवं राज्यसभा द्वारा 21 मार्च को ह्यूमन इम्युनोडेफिसिएंसी वायरस (एचआईवी) एवं एक्वॉर्ड इम्युन डेफिसिएंसी सिंड्रम-एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) विधेयक, 2017 पारित किया गया।

भारत में एचआईवी संक्रमण पहली बार 1986 में चेन्नई में महिला सेक्स वर्करों के बीच पाया गया। हालांकि पिछले दशक के दौरान एचआईवी की व्याप्ति में लगातार कमी आती जा रही है, फिर भी भारत अभी भी दक्षिण अफ्रीका एवं नाइजीरिया के बाद दुनिया में एचआईवी महामारी से ग्रसित तीसरा सबसे बड़ा देश है। भारत में अभी हाल में पारित किया गया एचआईवी विधेयक दक्षिण एशिया में अपनी तरह का पहला विधेयक है। दक्षिण अफ्रीका एवं नाइजीरिया ने भी भेदभाव के कुछ रूपों को प्रतिबंधित करते हुए कानून पारित किए हैं। भारत में एचआईवी से ग्रसित लोगों की अनुमानित संख्या लगभग 21 लाख है। भारत में 2015 में लगभग 86 हजार नए एचआईवी संक्रमण दर्ज किए गए जो कि वर्ष 2000 की तुलना में 66 प्रतिशत गिरावट को प्रदर्शित करता है। 2015 में एड्स से संबंधित बीमारियों से लगभग 68 हजार लोगों की मौत हुई। यह विधेयक नए संक्रमणों पर अंकुश लगाते हुए राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम को समर्थऩ देगा एवं 2030 तक इस महामारी को समाप्त करने के सतत विकास लक्ष्य अर्जित करने में मदद करेगा।

देश में ऐसे कानून की आवश्यकता के पीछे एक मुख्य वजह यह थी कि एचआईवी/एड्स को एक प्रकार के सामाजिक कलंक एवं भेदभाव की दृष्टि से देखा जाता है। हालांकि सरकार के प्रयासों एवं सिविल सोसायटी के योगदान की वजह से इस भेदभाव में बहुत कमी आई है पर अभी भी यह भेदभाव बना हुआ है। नया कानून इस भेदभाव को समाप्त करने में काफी कारगर साबित होगा। यह विधेयक भेदभाव की व्याख्या रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं, अचल संपत्ति को किराये पर देने या वहां निवास करने, सार्वजनिक या निजी कार्यालय, बीमा एवं सार्वजनिक सुविधाओं की मनाही या इन्हें समाप्त करने के रूप में करता है। सरकार या किसी व्यक्ति द्वारा इन वर्गों में से किसी में भी अनुचित बर्ताव को भेदभाव माना जाएगा और उस पर कार्रवाई हो सकती है।

विधेयक में कहा गया है कि रोजगार प्राप्त करने, स्वास्थ्य देखभाल या शिक्षा की सुविधा प्राप्त करने के लिए किसी का भी एचआईवी परीक्षण एक पूर्व आवश्यकता के रूप में नहीं किया जा सकता। यह किसी भी व्यक्ति द्वारा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के खिलाफ सूचनाओं के प्रकाशन या नफरत की भावनाएं फैलाने को प्रतिबंधित करता है। गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए, यह विधेयक बिना सूचित सहमति के एचआईवी परीक्षण या चिकित्सा उपचार को प्रतिबंधित करता है। बहरहाल, सूचित सहमति में लाईसेंस प्राप्त ब्लड बैंकों द्वारा जांच, चिकित्सा अनुसंधान या कोई ऐसा उद्देश्य जहां परीक्षण गुमनाम हो और उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति की एचआईवी स्थिति को निर्धारित करना ना हो, शामिल नहीं है। किसी एचआईवी संक्रमित व्यक्ति को उसकी एचआईवी स्थिति का खुलासा करने की आवश्यकता तभी पड़ेगी, जब उसके लिए न्यायालय का आदेश हो।

भेदभाव करने तथा गोपनीयता का उल्लंघन करने पर दंड के भी प्रावधान हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी.नड्डा ने कहा “जो कोई विधेयक के प्रावधानों का अनुपालन नहीं करेगा, उसे दंडित किया जाएगा। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ दीवानी एवं आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।” जो कोई विधेयक के कार्यान्वयन को रोकने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ भी कदम उठाए जाएंगे।

एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की गोपनीयता का उल्लंघन करने पर दो वर्ष तक की कैद और एक लाख रूपये तक का आर्थिक दंड लगाया जा सकता है।

हालांकि एड्स का उपचार या एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क है। इस विधेयक में संक्रमित लोगों के उपचार को एक कानूनी अधिकार माना गया है। इसमें कहा गया है कि, “सरकार की देखभाल और संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति के पास एचआईवी की रोकथाम, जांच, उपचार एवं परामर्शी सेवाओं को पाने का अधिकार होगा।” इसलिए, केंद्र एवं राज्य सरकारें संक्रमण प्रबंधन सेवाओं के साथ-साथ एड्स एवं अवसरजनित संक्रमणों के लिए उपचार उपलब्ध कराएंगी। केंद्र एवं राज्य सरकारें एचआईवी एवं एड्स के प्रचार को रोकने के लिए भी कदम उठाएंगी तथा एचआईवी या एड्स संक्रमित व्यक्तियों, विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों तक कल्याणकारी योजनाओं की सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सहायता करेंगी। सरकार ने पिछले वर्ष एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी पर 2 हजार करोड़ रूपये व्यय किए हैं।

ह्यूमन इम्युनोडेफिसिएंसी वायरस (एचआईवी) एवं एक्वार्ड इम्युन डेफिसिएंसी सिंड्रम-एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) विधेयक, 2014 राज्यसभा में 11 फरवरी, 2014 को तत्कालीन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री गुलाम नबी आजाद द्वारा पेश किया गया था। इस विधेयक के संशोधन वर्तमान सरकार द्वारा पिछले वर्ष जुलाई में पेश किए गए थे। तब से मूल विधेयक में कई परिवर्तन किए जा चुके हैं। उदाहरण के लिए विधेयक ने “परीक्षण एवं उपचार” नीति अंगीकार किया है जिसका अर्थ यह है कि कोई भी संक्रमित व्यक्ति राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा निःशुल्क उपचार का हकदार होगा।

हाल में पारित विधेयक में एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के संपदा अधिकारों के प्रावधान है। 18 वर्ष से कम उम्र के प्रत्येक एचआईवी संक्रमित व्यक्ति को एक साझा परिवार में रहने का तथा परिवार की सुविधाओं का आनंद उठाने का अधिकार है। इसमें यह भी कहा गया है कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों से संबंधित मामलों का निपटान न्यायालयों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। अगर कोई भी एचआईवी संक्रमित या प्रभावित व्यक्ति किसी कानूनी कार्रवाई में एक पक्षकार है तो न्यायालय आदेश पारित कर सकता है कि कार्रवाई का संचालन व्यक्ति की पहचान को गुप्त रखकर, बंद कमरे में किया जाए तथा किसी भी व्यक्ति को वैसी सूचना प्रकाशित करने से रोका जाए जो आवेदक की पहचान का खुलासा करता है। एचआईवी संक्रमित या प्रभावित किसी भी व्यक्ति द्वारा दायर रखरखाव आवेदन के संबंध में कोई भी आदेश पारित करते समय न्यायालय आवेदक द्वारा उठाए जाने वाले चिकित्सा व्ययों पर विचार करेगा।

विधेयक में प्रत्येक राज्य सरकार द्वारा अधिनियम एवं स्वास्थ्य देखभाल सेवाओँ के प्रावधान के उल्लंघन से संबंधित शिकायतों की जांच करने के लिए लोकपाल की नियुक्ति किए जाने की आवश्यकता व्यक्त की गयी है। लोकपाल प्राप्त आवेदनों की संख्या औऱ प्रकृति तथा की गयी कार्रवाई और पारित किए गए आदेशों के विवरण समेत प्रत्येक 6 महीने पर राज्य सरकार को एक रिपोर्ट पेश करेगा। अगर लोकपाल के आदेश का अनुपालन नहीं किया जाता है तो 10 हजार रूपये के आर्थिक दंड का भी प्रावधान है।

विधेयक के प्रारूप के निर्माण की प्रक्रिया 2002 में आरंभ हुई जब सिविल सोसायटी के सदस्यों, एचआईवी संक्रमित लोगों और सरकार द्वारा एक कानून बनाए जाने की आवश्यकता महसूस की गयी। यह विधेयक एक गैर-सरकारी संगठन लॉयर्स क्लेक्टिव की पहल है। यह 2006 में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसओ) को प्रस्तुत किया गया था। इस विधेयक का प्रारूप एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों, सेक्स वर्करों, समलैंगिकों, ट्रांसजैंडरों एवं नशीले पदार्थों का इस्तेमाल करने वालों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, शिशु संगठनों, महिलाओं के समूहों, ट्रेड यूनियनों, वकीलों एवं राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटियों समेत हितधारकों के साथ राष्ट्रव्यापी सलाह मशविरों के बाद बनाया गया था।


राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति 2017: सभी को मिलेगा फ्री में इलाज,पढ़िए पूरी जानकारी


राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति, 2017 पर संसद के दोनों सदनों में 16 मार्च,2017 को स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा वक्‍तव्‍य 

मंत्रिमंडल ने राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति 2017 को अनुमोदित कर दिया है। यह देश के स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र के इतिहास में बहुत बड़ी उपलब्‍धि है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति 2017 बनाई है। पिछली राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति 2002 में बनाई गई थी। इस प्रकार, यह नीति बदलते सामाजिक-आर्थिक, प्रौद्योगिकीय और महामारी-विज्ञान परिदृश्‍य में मौजूदा और उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए 15 साल के अंतराल के बाद अस्‍तित्‍व में आई है।

भारत सरकार ने नीति निर्माण की प्रक्रिया में अत्‍यधिक सहभागितापूर्ण और परामर्शी दृष्‍टिकोण अपनाया है। राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य नीति के प्रारूप को 30 दिसंबर, 2014 को पब्‍लिक डोमेन पर डाला गया था। इसके बाद नीति को और अधिक कारगर बनाने के लिए राज्‍य सरकारों और अन्‍य पणधारकों के साथ विचार-विमर्श किया गया। इस नीति को केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण परिषद, जो शीर्ष नीति निर्माण निकाय है, के समक्ष प्रस्‍तुत किया गया और इसकी एकमत से पुष्‍टि की गई।

नीति में इसके सभी आयामों - स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में निवेश, स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल सेवाओं का प्रबंधन और वित्‍त-पोषण करने, विभिन्‍न क्षेत्रीय कार्रवाई के जरिए रोगोंकी रोकथाम और अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य को बढ़ावा देने,चिकित्‍सा प्रौद्योगिकियां उपलब्‍ध कराने,मानव संसाधन का विकास करने,चिकित्‍सा बहुलवाद को प्रोत्‍साहित करने, बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य के लिए अपेक्षित ज्ञान आधार बनाने, वित्‍तीय सुरक्षा कार्यनीतियां बनाने तथा स्‍वास्‍थ्‍य के विनियमन और उत्तरोत्तर आश्‍वासन के संबंध में स्‍वास्‍थ्‍य प्रणालियों को आकार देने में सरकार की भूमिका और प्राथमिकताओं की जानकारी दी गई है। इस नीति का उद्देश्‍य सभी लोगों, विशेषकर अल्‍पसेवित और उपेक्षित लोगों को सुनिश्चित स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल उपलब्‍ध कराना है।

नीति का लक्ष्‍य सभी विकास नीतियों में एक निवारक और प्रोत्‍साहक स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल दिशानिर्देश के माध्‍यम से सभी वर्गों के लिए स्‍वास्‍थ्‍य और कल्‍याण का उच्‍चतम संभव स्‍तर प्राप्‍त करना, तथा इसके परिणामस्‍वरूप किसी को भी वित्‍तीय कठिनाई का सामना किए बिना बेहतरीन गुणवत्‍तापरक स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल सेवाएं प्रदान करनाहै। इसे उपलब्‍धता का विस्‍तार करके,स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल प्रदानगी की गुणवत्‍ता में सुधार करके तथा लागतकोकम करकेप्राप्‍त कियाजा सकता है। नीति के व्‍यापक सिद्धांत व्‍यावसायिकता, सत्‍यनिष्‍ठा और नैतिकता,निष्‍पक्षता,सामर्थ्‍य, सार्वभौमिकता, रोगी केन्‍द्रित तथा परिचर्या गुणवत्‍ता, जवाबदेही और बहुलवाद पर आधारित हैं।

नीति में रोकथाम और स्‍वास्‍थ्‍य संवर्धन पर बल देते हुए रुग्‍णता-देखभाल की बजाय आरोग्‍यता पर ध्‍यान केन्‍द्रित करने की अपेक्षा की गई है। हालांकि नीति में जन स्‍वास्‍थ्‍य प्रणालियों की दिशा बदलने तथा उसे सुदृढ़ करने की मांग की गई है, इसमें निजी क्षेत्र से कार्यनीतिक खरीद पर विचार करने और राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य लक्ष्‍यों को प्राप्‍त करने में अपनी शक्‍तियों का इस्‍तेमाल करने की भी नए सिरे सेअपेक्षा की गई है। नीति में निजी क्षेत्र के साथ सुदृढ़ भागीदारी करने की परिकल्‍पना की गई है।

एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में, नीति में जन स्‍वास्‍थ्‍य व्‍यय को समयबद्ध ढंग से जीडीपी के 2.5% तक बढ़ाने का प्रस्‍ताव किया गया है। नीति में उत्‍तरोत्‍तर वृद्धिशील आश्‍वासन आधारित दृष्‍टिकोण की वकालत की गईहै। इसमें ‘स्‍वास्‍थ्‍यऔर आरोग्‍यता केन्‍द्रों’ के माध्‍यम से सुनिश्‍चित व्‍यापक प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल का बड़ा पैकेज प्रदान करने की परिकल्‍पना की गई है तथा यह अत्‍यधिक चयनित से व्‍यापक प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल पैकेज में महत्‍वपूर्ण परिवर्तन को दर्शाताहै,जिसमें प्रमुख एनसीडी, मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य, जराचिकित्‍सा स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल, उपशामक परिचर्यातथा पुनर्वास देखभाल सेवाएं शामिल हैं। 

इसमें प्राथमिक परिचर्या के लिए संसाधनों के व्‍यापक अनुपात (दो-तिहाई या अधिक)आवंटन करने की हिमायत की गई है। इसका उद्देश्‍य प्रति 1000 की आबादी के लिए 2 बिस्‍तरों की उपलब्‍धता इस तरह से सुनिश्चित करनाहै ताकि आपात स्‍थिति में जरूरत पड़ने पर इसे उपलब्‍ध कराया जा सके। 

इस नीति में उपलब्‍धता तथा वित्‍तीय सुरक्षा उपलब्‍ध कराने के लिए सभी सार्वजनिक अस्‍पतालोंमें नि:शुल्‍क दवाएं, नि:शुल्‍क निदान तथा नि:शुल्‍क आपात तथा अनिवार्य स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल सेवाएं प्रदान करने का प्रस्‍ताव किया गया है।

नीति में विशिष्‍ट मात्रात्‍मक लक्ष्‍यों को भी निर्धारित किया गया है,जिनका उद्देश्‍य 3 व्‍यापक घटकों अर्थात् (क) स्‍वास्‍थ्‍य स्‍थिति और कार्यक्रम प्रभाव, (ख) स्‍वास्‍थ्‍य प्रणाली निष्‍पादन, तथा (ग) स्‍वास्‍थ्‍य प्रणाली का सुदृढ़ीकरण के द्वारा बीमारियों को कम करना है जो नीतिगत उद्देश्‍यों के अनुरूप हों। नीति में जिन कुछेक प्रमुख लक्ष्‍यों को प्राप्‍त करने की अपेक्षा की गई है वे निम्‍नलिखित हैं:-

जीवन प्रत्‍याशा और स्‍वस्‍थ जीवन:

जन्‍म के समय आजीवन प्रत्‍याशा को 5 से बढ़ाकर 2025 तक 70 करना।
2022 तक प्रमुख वर्गों में रोगों की व्‍याप्‍तता तथा इसके रुझान को मापने के लिए विक्‍लांगता समायोजित आयु वर्ष (डीएएलवाई) सूचकांक की नियमित निगरानी करना।
2025 तक राष्‍ट्रीय और उप-राष्‍ट्रीय स्‍तर पर टीएफआर को घटाकर1 तक लाना।


आयु और/या कारणों द्वारा मृत्‍यु दर:

2025 तक पांच वर्ष से कम आयु के बच्‍चों में मृत्‍यु दर को कम करके 23 करना तथा एमएमआर के वर्तमान स्‍तर को 2020 तक घटाकर 100 करना।
नवजात शिशु मृत्‍यु दर को घटाकर 16 करना तथा मृत जन्‍म लेने वाले बच्‍चों की दर को 2025 तक घटाकर “एक अंक’ में लाना।


रोगों की व्‍याप्‍तता / घटनाओं में कमी लाना:

2020 के वैश्‍विक लक्ष्‍य को प्राप्‍त करना, जिसे एचआईवी / एड्स के लिए 90:90:90 के लक्ष्‍य के रूप में भी परिभाषित किया गया है अर्थात् एचआईवीपीड़ित सभी 90% लोग अपनी एचआईवी स्‍थिति के बारे में जानते हैं – एचआईवी संक्रमण से पीड़ित सभी 90% लोग स्‍थायी एंटीरोट्रोवाइरल चिकित्‍सा प्राप्‍त करते हैं तथा एंटीरोट्रोवाइरल चिकित्‍सा प्राप्‍त करने वाले सभी 90% लोगों में बॉयरल रोकथाम होगी।

2018 तक कुष्‍ठ रोग,2017 तक कालाजार तथा 2017 तक स्‍थानिकमारी वाले क्षेत्रों में लिम्‍फेटिक फिलारिएसिस का उन्‍मूलन करना तथा इस स्‍थिति को बनाए रखना।

क्षयरोग के नए स्‍पुटम पाजिटिव रोगियों में 85% से अधिक की इलाज दर को प्राप्‍त करना और उसे बनाए रखना तथा नए मामलों की व्‍याप्‍तता में कमी लाना ताकि 2025 तक इसके उन्‍मूलन की स्‍थिति प्राप्‍त की जा सके।

2025 तक दृष्‍टिहीनता की व्‍याप्‍तता को घटाकर 25/1000 करना तथा रोगियों की संख्‍या को वर्तमान स्‍तर से घटाकर एक-तिहाई करना।

हृदवाहिका रोग, कैंसर, मधुमेह या सांस के पुराने रोगों से होने वाली अकाल मृत्‍यु को 2025 तक घटाकर 25% करना।

इस नीति में गैर-संचारी रोगोंकी उभरती चुनौतयों से निपटने पर ध्‍यान केन्‍द्रित किया गया है। यह समन्‍वित दृष्‍टिकोणका समर्थन करती है,जिसमें द्वितीयक स्‍तर पर रोकथाम सहित सर्वाधिक प्रचलितएनसीडी की जांच से रुग्‍णता को कम करने और रोकी जा सकने वाली मृत्‍यु दर पर पर्याप्त प्रभाव पड़ेगा।

नीति में आयुष प्रणाली के त्रि-आयामी एकीकरण की परिकल्‍पना की गई है जिसमें क्रॉस रेफरल, सह-स्‍थल और औषधियों की एकीकृत पद्धतियां शामिल हैं। इसमें प्रभावी रोकथाम तथा चिकित्‍सा करने की व्‍यापक क्षमता है, जो सुरक्षित और किफायती है। योग को अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य के संवर्धन के भाग के रूप में स्‍कूलों और कार्यस्‍थलों में और अधिक व्‍यापक ढंग से लागू किया जाएगा।

विनियामक परिवेश में सुधार करने और उसे सुदृढ़ बनाने के लिए नीति में मानक तय करने के लिए प्रणालियां निर्धारित करने तथा स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल की गुणवत्‍ता सुनिश्‍चित करनेकी परिकल्‍पना की गई है। यह नीति रोगी आधारित है और इसमें रोगियों को उनकी सभी समस्‍याओं का निदान करने का अधिकार प्रदान किया गया है। नीति में औषधियों और उपकरणों का सुलभता से विनिर्माण करने,मेक इन इंडिया को प्रोत्‍साहित करने तथा तथा चिकित्‍सा शिक्षा में सुधार करनेकी भी अपेक्षा की गई है। यह नीति व्‍यक्‍ति आधारित है, जो चिकित्‍सा परिचर्या चाहता है।

नीति में मध्‍य स्‍तरीयसेवा प्रदायक कैडर,नर्स प्रेक्‍टिशनरों,जन स्‍वास्‍थ्‍य कैडर का विकास करने की हिमायत की गई है ताकिउपयुक्‍त स्‍वास्‍थ्‍य मानव संसाधन की उपलब्‍धता में सुधार हो सके।

नीति में स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा का समाधान करने तथा औषधियों और उपकरणों के लिए मेक इन इंडिया को लागू करने की परिकल्‍पना की गई है। इसमें जन स्‍वास्‍थ्‍य लक्ष्‍यों को ध्‍यान में रखते हुए चिकित्‍सा उपकरणों तथा उपस्‍करों के लिए अन्‍य नीतियों के साथ सामंजस्‍य स्‍थापित करने की भी परिकल्‍पना की गई है।

नीति में नीतिगत लक्ष्‍यों को प्राप्त करने के लिए स्‍पष्‍ट प्रदानगी तथा उपलब्‍धियों सहित एक समयबद्ध कार्यान्वयन ढांचा लागू करने की परिकल्‍पना की गई है।



#AAIMS के कायाकल्प के लिए 7670 करोड़ रुपये के तीन #MOU साइन हुए



पि‍छले दो वर्षों के दौरान बुनियादी ढांचे एवं अन्‍य सुविधाओं के रूप में ऐतिहासिक प्रगति देखने को मिली है : जे पी नड्डा 

देश के हर राज्य में इस तरह का प्रमुख संस्थान होना चाहिए: वेंकैया नायडू 

नई दिल्‍ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने बुनियादी ढांचे एवं अन्‍य सुविधाओं का विस्‍तार करने के लिए एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड, एचएससीसी (इंडिया) लिमिटेड और हाइट्स एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड के साथ तीन सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्‍ताक्षर किये। इन सहमति पत्रों पर हस्‍ताक्षर के लिए आयोजित समारोह की अ‍ध्‍यक्षता माननीय केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्री श्री जे पी नड्डा और माननीय केंद्रीय शहरी विकास, शहरी गरीबी उन्‍मूलन एवं सूचना व प्रसारण मंत्री श्री वेंकैया नायडू ने की। एम्‍स ने एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के साथ 4441 करोड़ रुपये, एचएससीसी (इंडिया) लिमिटेड के साथ 2500 करोड़ रुपये और हाइट्स एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड के साथ 729 करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्‍ताक्षर किये। ये एमओयू कुल मिलाकर 7670 करोड़ रुपये के हैं।

इस अवसर पर श्री जे पी नड्डा ने कहा कि यह एम्‍स के सर्वाधिक ऐतिहासिक दिवसों में से एक है क्‍योंकि आज सरकार ने एक कार्यक्रम में किसी सार्वजनिक स्‍वास्‍थ्‍य परियोजना के तहत स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र में अब तक के सर्वाधिक निवेश की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की है। श्री नड्डा ने कहा, ‘पि‍छले दो वर्षों के दौरान बुनियादी ढांचे एवं अन्‍य सुविधाओं के रूप में ऐतिहासिक प्रगति देखने को मिली है।’

इस अवसर पर श्री वेंकैया नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप हमें सुधार, प्रदर्शन एवं बदलाव सुनिश्चित करना चाहिए और यह पहल इसी सोच को दर्शाती है। श्री नायडू ने यह भी कहा कि इस कदम से एम्‍स का कायाकल्प हो जायेगा।

पुनर्विकास के लिए एनबीसीसी के साथ हुए समझौते के तहत अयूर विज्ञान नगर परिसर में 3060 आवासीय अपार्टमेंट और पश्चिम अंसारी नगर परिसर में 868 अपार्टमेंट बनाये जायेंगे।

एचएलएल इन्‍फ्रा टेक सर्विसेज लिमिटेड (हाइट्स) के साथ हुए समझौते के तहत राष्ट्रीय कैंसर संस्थान, एम्स, झज्जर, हरियाणा के लिए सभी प्रकार के मेडिकल उपकरण और सेवाएं हासिल की जायेंगी जिनमें मेडिकल गैस वितरण प्रणाली, सीएसएसडी, मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर्स भी शामिल हैं। इसी तरह झज्जर में एम्स के दूसरे परिसर में प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्डियोवैस्कुलर (हृदय) संस्थान (एनसीवीआई) में डिजाइन एवं उपकरण खरीद सहित विभिन्‍न कार्यों के लिए एचएससीसी का चयन एक परियोजना प्रबंधन सलाहकार के रूप में किया गया है।

जे पी नड्डा ने खाद्य पैकेजिंग के लिए अखबारों का उपयोग न करने का आग्रह किया


एफएसएसएआई को निर्देश दिए कि वह इसके हानिकारक प्रभावों का उल्लेख करते हुए एक एडवाइजरी जारी करे 

भारत में खाद्य पैकेजिंग सामग्री के रूप में समाचार पत्रों के उपयोग पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे पी नड्डा ने चिंता जाहिर करते हुए भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) को पहले निर्देश दिए थे कि वह खाने-पीने की चीजों को पैक करने के लिए अखबार के कागज का इस्तेमाल बंद करने के लिए एक एडवाइजरी जारी करे। श्री जे पी नड्डा ने कहा कि ऐसा देखा जा रहा है कि विक्रेता खाद्य सामग्री को पैक व परोसते के लिए अखबार के कागज का इ्स्तेमाल कर रहे हैं। मैं जनता से आग्रह करता हूं कि वह विक्रेताओं को खाने-पीने की चीजों को अखबार के कागज में पैक करने से रोकें और खुद भी इसका इस्तेमाल न करें।

श्री जे पी नड्डा ने कहा, ''सर्वविदित है कि अखबार की स्याही को खाद्य पदार्थ सोख लेते हैं। अखबारों में इस्तेमाल होने वाली स्याही में कई खतरनाक रसायन होते हैं जिसके गंभीर स्वास्थ्य परिणाम हो सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री महोदय ने आगे कहा कि छोटो कारोबारियों, खासतौर पर गैर-संगठित क्षेत्र में जागरुकता फैलाने की जरूरत है। अधिकारियों द्वारा इसकी व्यवस्थित निगरानी और निर्देशों को लागू कराने की जरूरत है।

एडवाइजरी के मुताबिक, सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य संरक्षा आयुक्त खाद्य सामग्री को पैक करने व उसे परोसने के लिए अखबारों का इस्तेमाल बंद करने को लेकर सभी संबंधित हितधारकों के बीच जागरुकता फैलाने के लिए एक व्यवस्थित अभियान शुरू करेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने अंगदान करने की प्रतिज्ञा ली


केन्‍द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी.नड्डा ने नई दिल्ली के केन्द्र सरकार के सभी अस्पतालों के अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्‍सकों, नर्सों और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ के सदस्यों के साथ हजारों उत्साही लोगों के साथ अपने अंग दान करने की शपथ ली। इस अवसर पर, अंगदान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए आज सुबह इंडिया गेट पर आयोजित वॉकथान में भाग लेने के लिए हजारों प्रतिभागी भी उपस्‍थित थे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अंगों का दान एक उपहार है और यह एक परोपकारी, भेदभावहीन और नैतिक कार्य है। उन्होंने कहा कि हम अपने अंगों को दान देने के साथ 'एक जीवन के अंत' को एक नई शुरुआत में बदल सकते हैं। श्री नड्डा ने कहा कि हमें अंगदान को एक राष्ट्रीय आंदोलन बनाते हुए दुनिया है यह दिखाना है कि मृत्‍यु के मामले में भी हम व्‍यापक रूप में अपने साथी नागरिकों और मानवता की देखभाल करते हैं। उन्होंने कहा अंग एक राष्ट्रीय संसाधन है और एक भी अंग बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका मंत्रालय अंग दान को सुविधाजनक बनाने के लिए वर्तमान में नियमों, विनियमों और प्रोटोकॉल तैयार कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि देश में हर साल लगभग 1.5 लाख लोगों की मृत्यु मस्तिष्क के कारण हो रही है और उन रोगियों के अंगों को कई लाख लोगों की जान बचाने में उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है कि देश के भीतर मौजूदा अंग दान और प्रत्यारोपण दर आवश्यकता के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि शव अंगों और ऊतकों को सुरक्षित निकालने और रखने के लिए निर्णायक कदम उठाए जा रहे है और इसके परिणामस्‍वरूप बहुत से लोगों की जान बचाई जा सकी है।

श्री नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय मृतक व्यक्तियों के अंग दान को बढ़ावा देने और इस तरह के प्रत्यारोपण के लिए अंगों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए एक राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम लागू कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत बड़ी संख्या में गतिविधियों को शुरू किया गया है। राज्य सरकारों को भी अंग दान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के संदर्भ में अवगत करा दिया है। उन्‍होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है और इनमें तेजी लायी जाएगी।

इस प्रतिज्ञा ग्रहण समारोह में श्री सी.के.मिश्र सचिव (एचएफडब्‍ल्‍यू), स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ जगदीश प्रसाद और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने चिकनगुनिया और डेंगू से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की


केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा द्वारा डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया बीमारियों के प्रकोप की ताजा स्थिति की उच्‍चस्‍तरीय समीक्षा किये जाने के बाद आज यहां स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय में सचिव श्री सी.के. मिश्रा ने राष्‍ट्रीय राजधानी में चिकनगुनिया और डेंगू की रोकथाम के लिए विभिन्‍न एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा करने हेतु एक बैठक आयोजित की। दिल्‍ली सरकार, दिल्‍ली नगर निगमों, एनडीएमसी और दिल्‍ली छावनी बोर्ड के प्रतिनिधि एवं वरिष्‍ठ अधिकारीगण भी इस बैठक में उपस्थित थे। 

चिकनगुनिया की रोकथाम एवं इसे काबू में रखने के लिए विभिन्‍न एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। एनसीआर दिल्‍ली में चिकनगुनिया और डेंगू के मामलों की बढ़ती संख्‍या को ध्‍यान में रखते हुए सचिव (स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण) ने नगर निगमों और दिल्‍ली सरकार के अधिकारियों से अगले दो महीनों के दौरान सतर्क रहने और चिकनगुनिया की रोकथाम एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्‍यक कदम उठाने का आग्रह किया, ताकि इस स्थिति से पूरी मुस्‍तैदी के साथ निपटा जा सके तथा इसके और गंभीर रूप लेने से बचा जा सके। केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री द्वारा दिए गए निर्देश के अनुरूप श्री मिश्रा ने दिल्‍ली सरकार के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीबीडीसीपी) और नगर निगमों से अपनी आईईसी संबंधी गति‍विधियों में बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने को कहा। 

स्‍वास्‍थ्‍य सचिव को इस अवसर पर यह जानकारी दी गई कि गैर प्रतिरक्षा आबादी के कारण ही दिल्‍ली में चिकनगुनिया मामलों की संख्‍या हाल में बढ़ गई है, जबकि विगत वर्षों में चिकनगुनिया के मामलों की संख्‍या अपेक्षाकृत कम थी। वेक्टर मच्छर की बहुतायत, बड़े पैमाने पर निर्माण गति‍विधियों, जल भंडारण के चलन और लोगों की बढ़ती आवाजाही के साथ-साथ लोगों का रवैया भी मौजूदा स्थिति के लिए जिम्‍मेदार है। डेंगू की तुलना में मच्‍छरों में ऊष्मायन अवधि अपेक्षाकृत छोटी रहने के कारण ही चिकनगुनिया का प्रकोप बढ़ जाता है। 

स्‍वास्‍थ्‍य सचिव को यह जानकारी दी गई कि दिल्‍ली में इस स्थिति पर नजर रखने के लिए मंत्रालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। 

#PMKVI स्ट्रीट फूड बेचने वाले 20 हज़ार विक्रेताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण


स्वास्थ्य मंत्री श्री जे. पी. नड्डा ने क्लीन स्ट्रीट फूड परियोजना शुरू की 

पीएमकेवीआई के पहले चरण के तहत पटरियों पर खाना बेचने वाले 20000 लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा 

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री जे. पी. नड्डा ने क्लीन स्ट्रीट फूड अभियान शुरू किया। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री श्री राजीव प्रताप रूडी (स्वतंत्र प्रभार), भी मौजूद थे। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) के इस अभियान का उद्देश्य दिल्ली की सड़कों पर बिकने वाले स्ट्रीट फूड के सुरक्षा मानकों में इजाफा करना है। इसके तहत पहले चरण में सड़क के किनारे फूड आइटम बेचने वालों 20000 लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व से परिचय कराया जाएगा। 

क्लीन स्ट्रीट फूड परियोजना के एक हिस्से के तौर पर एफएसएसएआई, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के साथ मिल कर दिल्ली में 40 से ज्यादा केंद्रों पर खाद्य आइटम बेचने वालों को प्रशिक्षण देगा। इन लोगों को रिकॉगिनशन ऑफ प्रियर लर्निंग यानी आरपीएल श्रेणी के तहत ट्रेनिंग दी जाएगी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीआई) के तहत चलाया जाएगा। 

इस परियोजना को शुरू करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री जे पी नड्डा ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रगतिशील, व्यावहारिक और रचनात्मक है। सकारात्मक नजरिये के साथ शुरू हुआ यह कार्यक्रम गैर संगठित क्षेत्र के लोगों को प्रशिक्षण देने का सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा। देश में पटरियों पर सामान बेचने वाले 20 लाख लोग हैं। दिल्ली के एनसीआर क्षेत्र में 20000 विक्रेताओं को पायलट परियोजना के तहत प्रशिक्षण मुहैया कराना एक स्वागतयोग्य कदम है। श्री नड्डा ने कहा कि स्ट्रीट फूड हमारे समाज का एक अभिन्न हिस्सा है। इस परियोजना से स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के प्रशिक्षण में मदद मिलेगी और इससे बीमारियों की रोकथाम में भी सहूलियत होगी। 

श्री नड्डा ने इस विशिष्ट अभियान पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह वास्तव में उन मंत्रालयों के बीच गठबंधन का बेहतरीन उदाहरण है। यह सरकार के नियामक संगठन और वैसे कॉरपोरेट और एनजीओ के बीच गठबंधन का भी प्रतीक है, जो स्ट्रीट फूड बेचने वालों के कौशल में बढ़ोतरी करने के लिए एक साथ आए हैं। यह अभियान स्ट्रीट फूड बेचने वालों की मदद करेगा और इससे उनकी जीविका के विकल्प बढ़ेंगे। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने इस दिशा में बनी रफ्तार को बरकार रखने की अपील की और इस प्रयास को सांस्थानिक रूप देने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान को ऐसा रूप दिया जाना चाहिए जिससे यह लंबे वक्त तक चल सके। 

इस मौके पर श्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि – क्लीन स्ट्रीट फूड अभियान विकास की निचले पायदान पर रहने वाले लाखों लोगों को जिंदगी में बदलाव लाएगा और देश के आर्थिक विकास में मददगार साबित होगा। यह भारत की समृद्ध स्ट्रीट फूड परंपरा को नए सिरे तलाश करने में भी मदद करेगा। दिल्ली परियोजना से सीख लेकर एफएसएसएआई और स्किल इंडिया देश भर के राज्यों में ऐसी ही कार्यक्रम चलाएगा। 

दिल्ली परियोजना के तहत स्ट्रीट फूड बेचने वाले 20000 विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उनका आकलन किया जाएगा और उन्हें सात प्रशिक्षण सहभागियों की ओर से प्रमाणित किया जाएगा। अगले चार सप्ताह के दौरान 40 प्रशिक्षण केंद्रों पर यह प्रशिक्षण दिया जाएगा। दिल्ली खाद्य सुरक्षा आयुक्त और नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (एनएएसवीआई) दिल्ली में स्ट्रीट फूड बेचने वाले विक्रेताओं को जागरुक करने के काम में लगे हैं। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के तहत आने वाले राष्ट्रीय कौशल विकास निगम से संबंधित पर्यटन और सत्कार क्षेत्र कौशल निगम (टीएचएससी) के तहत स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। ट्रेनिंग पूरी कर लेने पर स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को कौशल-सह-निबंधन पत्र दिया जाएगा। 

एफएसएसआई ने आज इस मौके पर एक मोबाइल एप भी लांच किया, जो लोगों को खाद्य इनफोर्समेंट मशीनरी से संपर्क बनाने में मदद करेगा ताकि वे खाद्य सुरक्षा के बारे में अपनी चिंता और सुझावों से अवगत करा सकें। 

इस मौके पर कौशल विकास और अद्यमिता मंत्रालय के सचिव श्री रोहित नंदन, एफएसएसएआई के अध्यक्ष श्री आशीष बहुगुणा, एफएसएसएआई के सीईओ श्री पवन अग्रवाल और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। 

#ZikaVirus केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने उच्च स्तरीय बैठक की


केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे. पी. नड्डा ने आज कुछ देशों से फैले जीका वायरस पर स्थिति की समीक्षा करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय तथा एम्स के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हम स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं और आपात स्थिति से निपटने के लिए भारत की तैयारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। 

स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल प्रभाव से एक तकनीकी समूह गठित करने का निर्देश दिया। यह समूह अन्य देशों में जीका वायरस के फैलने से उत्पन्न स्थिति पर नजर रखेगा और आवश्यक रूप से उठाए जाने वाले कदमों के बारे में सलाह देगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा “हम निगरानी प्रणाली को मजबूत बनाने पर बल दे रहे हैं।” 

डेंगू प्रकोप वाले एडीज मच्छर भी जीका वायरस का संचार करते हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने जोर देकर कहा कि स्वच्छ पानी में उत्पन्न होने वाले एडीज मच्छरों के फैलाव को नियंत्रित करने के लिए विशेष जोर दिया जाना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस दिशा में सामुदायिक जागरुकता महत्वपूर्ण है। समुदायों के बीच अधिक से अधिक जागरुकता पैदा करने की आवश्यकता है।

बैठक में स्वास्थ्य सचिव श्री बी. पी. शर्मा, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. जगदीश प्रसाद तथा स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

इन्फ्लुइएंजा ए एच1एन1 पर जे. पी. नड्डा का बयान


1. मैं देश के कई भागों में इन्फ्लुइएंजा ए एच1एन1 के हालिया प्रकोप के बारे में माननीय सदस्यों को अवगत करवाना चाहता हूं। हालांकि इन्फ्लुएंजा की प्रकृति मौसमी होती है जिसका वर्ष में इस समय सर्वाधिक प्रभाव होता है, तथापि इन्फ्लुएंजा के कारण होने वाली रूग्णता और इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण मौतें हम सबके लिए गंभीर चिंता का विषय है।

2. माननीय सदस्यों को याद होगा कि भारत और विश्व के अन्य भाग वर्ष 2009 और 2010 में इन्फ्लुएंजा ए एच1एन1 से प्रभावित थे। 2009 में सूचित मामलों की संख्या 27236 और 2010 में 20604 थी। वर्ष 2009 में मौतों की संख्या 981 तथा 2010 में 1763 थी। ए, बी और सी-तीन टाइप के विषाणुओं की वजह से इन्फ्लुएंजा होता है। ए टाइप के विषाणु से पूरे विश्व में बड़े पैमाने पर फैले हैं। इसका कारण यह है कि ए टाइप के इन्फ्लुएंजा में परिवर्तन (म्यूटेशन) होता है जिससे प्रभावित आबादी को पर्याप्त प्रतिरक्षा नहीं मिल पाती। इन्फ्लुएंजा ए के सब टाइपों में एच1एन1, एच2एन2 और एच3एन2 शामिल हैं। अगस्त 2010 में इस बीमारी के खत्म होने की घोषणा करते समय विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने यह बताया था कि एच1एन1 विषाणु आने वाले कुछ वर्षों में मौसमी इन्फ्लुएंजा विषाणु के रूप में संचारित होता रहेगा। मौजूदा वर्ष में 01 जनवरी से 22 फरवरी, 2015 तक राज्यों द्वारा सूचित रोगियों की संख्या 14673 और उसी अवधि में मौतों की संख्या 841 है। इन्फ्लुएंजा ए एच1एन1 के संबंध में वर्ष 2009 से 2015 तक सूचित किए गए रोगियों तथा मौतों के वर्ष-वार आंकड़ों को माननीय सदस्यों की सूचना के लिए सदन के पटल पर रखा जा रहा है (अनुलग्नक)। तथापि इनमें से अधिकतर मौतें रोगियों में पहले से ही मौजूद सह-रूग्णताओं की वजह से हो सकती हैं।

3. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय इन्फ्लुएंजा ए एच1एन1 की स्थिति की गहन निगरानी करता रहा है। हम प्रभावित राज्यों की सरकारों के लगातार सम्पर्क में हैं। इस मौसमी इन्फ्लुएंजा के प्रभाव को रोकने के लिए राज्यों को जांच, रोगियों के जोखिम संबंधी वर्गीकरण, नैदानिक रोगी प्रबंधन और वैंटिलेटर प्रबंधन के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।  इन्फ्लुएंजा ए एच1एन1 के उपचार के लिए ओसेल्टामिविर औषध की आवश्यकता होती है। इसके अतिरिक्त, रोगियों के संपर्क में आने वाले स्वास्थ्य परिचर्या कार्मिकों में इस रोग के संचरण की रोकथाम के लिए एन-95 मास्क और व्यक्तिगत सुरक्षात्मक सामग्री अपेक्षित होती है। हम उपर्युक्त मदों के स्टॉक की स्थिति के बारे में राज्य सरकारों से नियमित आधार पर जायजा ले रहे हैं। यदि राज्य सरकार को अतिरिक्त‍ संसाधनों की जरूरत पड़ रही है तो हम उनकी पूर्ति कर रहे हैं। हम प्रभावित राज्यों को ओसेल्टामिविर के 58,000 कैप्सूलों, 3000 एन-95 मास्कों और 9500 व्यक्तिगत सुरक्षात्मक सामग्रियों की पहले ही आपूर्ति कर चुके हैं। हम ओसेल्टामिविर औषध का आपातकालीन स्टॉर भी रख रहे हैं ताकि किसी भी तत्कालिक जरूरत को पूरा किया जा सके। इसके अलावा, हमारे पास 10,000 एन-95 मास्क और पर्याप्त संख्या में व्यक्तिगत सुरक्षात्मक सामग्री स्टॉक में हैं। राज्य सरकारों का मार्गदर्शन करने तथा उन्हें  सहायता प्रदान करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की टीमें तेलंगाना, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश भेजी गईं हैं। आईसीयू और वेंटिलेटर प्रबंधन के संबंध में मार्गदर्शन के लिए डॉक्टरों की एक टीम दो बार राजस्थान भेजी गई थी। राज्यों के साथ समीक्षा करने के लिए सचिव (स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर वीडियो कान्फ्रेंस भी की जा रही है। 19 फरवरी 2015 को, मंत्रिमंडल सचिव ने कठिनाइयों का पता लगाने और आवश्यकताओं का आकलन करने के लिए भी, यदि कोई हो, प्रभावित राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ एक वीडियो सम्मेलन का आयोजन किया। मेरे स्तर पर नियमित समीक्षा भी की जा रही है। मैं माननीय सदस्यों को आश्वस्त कर सकता हूँ कि प्रकोप से निपटने के लिए राज्य सरकारों द्वारा अपेक्षित कोई भी मदद, हमारे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है।

4. कुछ मीडिया रिपोर्टों में इन्फ्लुएंजा ए एच1एन1 के इलाज के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ओसेल्टामिविर दवा की कमी के बारे में गलत ढंग से उल्लेख किया गया है। मैं माननीय सदस्यों को सूचित करना चाहता हूं कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा सिफारिश की गई इस दवा का निर्माण भारत में किया जाता है। हमने दो अवसरों पर निर्माताओं के साथ बैठक की है। इन स्वदेशी निर्माताओं ने इस बात की पुष्टि की है कि उनके पास मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त क्षमता और सक्रिय फार्मास्युटिकल अवयवों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। वास्तव में, इन निर्माताओं में से एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है।  हांलाकि ओसेल्टामिविर दवा की बिक्री काउंटर पर नहीं की जा सकती है।  इसे केवल योग्य चिकित्सक के नुस्खे पर उपलब्ध कराया जाना चाहिए तथा औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम की अनुसूची एक्स के तहत लाइसेंसशुदा दवा की दुकान के माध्यम से बेचा जाना चाहिए। इसके अलावा, यह दवा सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध है। हम ऐसी स्थिति नहीं चाहते हैं कि दवा के गलत इस्तेमाल से दवा इस वायरस का मुकाबला करने लायक न रह जाए। तथापि, यह सुनिश्चित करने के लिए कि आम जनता को दवा प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, हमने राज्य सरकारों को सलाह दी है कि वे अनुसूची एक्स फार्मेसियों के स्थानों की समीक्षा करें और अल्पनिरूपित या अनिरूपित स्थानों के लिए नए लाइसेंस जारी करें।

5.एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के प्रयोगशाला नेटवर्क में भारत के विभिन्न हिस्सों में 21 प्रयोगशालाएं शामिल हैं, जो इन्फ्लुएंजा ए एच1एन1 की निःशुल्क जांच की सुविधा प्रदान कर रही हैं।  इन प्रयोगशालाओं के पास पर्याप्त क्षमता और नैदानिक सामग्री की उपलब्धता है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रिएजेंट्स की अतिरिक्त मात्रा की खरीद के लिए पहले से ही आदेश दे दिए गए है। प्रभावित राज्यों ने परीक्षण करने के लिए निजी नैदानिक प्रयोगशालाओं को अधिकृत करके इन प्रयासों को पूरा किया है।  हम कुछ मीडिया रिपोर्टों में दी गई इन खबरों के बारे में चिंतित थे कि कुछ निजी प्रयोगशालाओं द्वारा बहुत उच्च दर पर शुल्क लिया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक ने राज्य सरकारों को सलाह दी गई है कि वे यह सुनिश्चित करें कि निजी प्रयोगशालाओं द्वारा उच्च दरें न वसूली जाएं।  बल्कि ये दरें राज्य सरकारों द्वारा तय की जानी चाहिए।

6.राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (आईसीएमआर के तहत) और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केन्द्र (दिल्ली)-दोनों द्वारा इस बात की पुष्टि की गई है कि वर्तमान में सूचित किए जा रहे इन्फ्लुएंजा ए के मामले एच1एन1 के हैं। दूसरे शब्दों में, यह वायरस वर्ष 2009 के वायरस की तरह है और वायरस में कोई परिवर्तन नहीं है। परिणामस्वरूप, वर्ष 2009-2010 की विश्वमारी के दौरान प्रयुक्त ओसेल्टामिविर दवा अभी भी इलाज के लिए प्रभावी बनी हुई है। जैसा कि मैंने पहले कहा है, हमारे पास नैदानिक क्षमता है और हम इस वायरस का पता लगाने में पूरी तरह से सक्षम हैं।

7. मैं माननीय सदस्यों  को सूचना करना चाहूंगा कि केवल स्वास्थ्य देखभाल कार्मिकों के लिए ही टीके की सिफारिश की गयी है । इस संबंध में राज्य सरकारों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। विशेषज्ञों के परामर्श और उनकी सलाह पर ही यह निर्णय लिया गया है। इस समय इसे लोक स्वास्थ्य कार्यनीति के रूप में जन-साधारण के लिए टीकाकरण का समर्थन नहीं किया गया है। मैं माननीय सदस्यगण की जानकारी में लाना चाहता हूँ कि टीकाकरण का प्रभाव तीन चार सप्ताह के बाद होता है और प्रतिरक्षण केवल एक वर्ष के लिए ही होता है। इसके अलावा यह टीका पूरी तरह से वायरस से संरक्षण प्रदान नहीं करता है। स्वास्थ्य देखभाल कार्मिकों को सलाह दी जाती है कि वे इन्फलुएंजा ए एच1एन1 रोगियों की जांच करते समय व उनकी देखभाल करते समय पूर्ण सावधानी बरतें। इसके अतिरिक्त, उन्हें कहा गया है कि वे ओसेल्टामिविर की रोगनिरोधी डोज भी लें ।

8. राज्य सरकारों से एकत्र की गयी जानकारी से प्रतीत होता है कि कई मौतें इन्फलुएंजा ए एच1एन1 ग्रस्त रोगियों की सहरुग्णता के कारण ही हुई हैं । ऐसे व्‍यक्ति इम्यूनो-काम्प्रो माइज्ड होते हैं और परिणाम रोग के  प्रति ज्यादा संवेदनशील हो जाते है। इस श्रेणी में कैंसर, मधुमेह, क्षयरोग और अन्य  श्वसन रोग, इत्यादि से ग्रस्त रोगी आते हैं । राज्यों ने यह भी सूचित किया है कि कई मामलों में प्रभावित व्यक्ति बड़ी देरी से चिकित्सा के लिए आए जिससे रोगी की हालत और ज्यादा खराब हो गई।

9.जनसाधारण में जागरूकता बढ़ाने के लिए राज्य बड़े पैमाने पर विभिन्न मीडिया साधनों के माध्यम से सूचना शिक्षा संप्रेषण अभियान चला रहे हैं । अभियान में रोग के संक्रमण को और इस बात रोकने और इस बात पर ध्यान केन्द्रित किया गया है कि खांसी, बुखार इत्यादि के लक्षण दिखाई देने पर क्या एहतियात बरतनी चाहिए। केन्द्र सरकार भी राज्यों के आईइसी प्रयत्नों में योगदान दे रही है। देश भर में, जनवरी व फरवरी 2015 में 200 से भी ज्यादा समाचार पत्रों में नियमित रूप से विज्ञापन प्रकाशित किए गये हैं। इसमें विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में जारी किए गये विज्ञापन भी शामिल हैं। सूचना के प्रचार-प्रसार के लिए रेडियो और टेलीविजन का भी इस्तेमाल किया गया है। राज्यों को आईइसी गतिविधियों को बढ़ाने के लिए पहले ही सलाह दे दी गयी है ।

10. मैं माननीय सदस्यों को आश्वस्त करना चाहता हूँ कि हम स्थिति की बहुत गंभीरता से निगरानी रख रहे हैं और राज्यों को अपेक्षित सहायता प्रदान की जा रही है। दवाईयों, मास्क और पीपीई का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। मैं माननीय सदस्यों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि स्थिति से निपटने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी जाएगी ।

अनुलग्नक
इन्फ्लुएंजा ए-एच1 एन1
वर्ष
2009
2010
2011
2012
2013
2014
2015
रोगी
27236
20604
603
5044
5253
937
14673*
मौतें
981
1763
75
405
699
218
841*

22.02.0215 के अनुसार

Join our WhatsApp Group

Join our WhatsApp Group
Join our WhatsApp Group

फेसबुक समूह:

फेसबुक पेज:

शीर्षक

भाजपा कांग्रेस मुस्लिम नरेन्द्र मोदी हिन्दू कश्मीर अन्तराष्ट्रीय खबरें पाकिस्तान मंदिर सोनिया गाँधी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राहुल गाँधी मोदी सरकार अयोध्या विश्व हिन्दू परिषद् लखनऊ जम्मू उत्तर प्रदेश मुंबई गुजरात दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश श्रीनगर स्वामी रामदेव मनमोहन सिंह अन्ना हजारे लेख बिहार विधानसभा चुनाव बिहार लालकृष्ण आडवाणी मस्जिद स्पेक्ट्रम घोटाला अहमदाबाद अमेरिका नितिन गडकरी सुप्रीम कोर्ट चुनाव पटना भोपाल कर्नाटक सपा सीबीआई आतंकवाद आतंकवादी पी चिदंबरम ईसाई बांग्लादेश हिमाचल प्रदेश उमा भारती बेंगलुरु केरल अरुंधती राय जयपुर पंजाब इस्लामाबाद उमर अब्दुल्ला डा़ प्रवीण भाई तोगड़िया धर्म परिवर्तन महाराष्ट्र सैयद अली शाह गिलानी हिन्दुराष्ट्र अरुण जेटली मोहन भागवत राष्ट्रमंडल खेल वाशिंगटन शिवसेना इंदौर गंगा दवा उद्योग हिंदू कश्मीरी पंडित गोधरा कांड बलात्कार भाजपायूमो मंहगाई यूपीए साध्वी प्रज्ञा सुब्रमण्यम स्वामी चीन बी. एस. येदियुरप्पा भ्रष्टाचार शिवराज सिंह चौहान हिंदुत्व हैदराबाद इलाहाबाद काला धन गौ-हत्या चंडीगढ़ चेन्नई तमिलनाडु नीतीश कुमार शीला दीक्षित सुषमा स्वराज हरियाणा अशोक सिंघल कोलकाता जन लोकपाल विधेयक नई दिल्ली नागपुर मायावती मुजफ्फरनगर मुलायम सिंह रविशंकर प्रसाद स्वामी अग्निवेश अखिल भारतीय हिन्दू महासभा आजम खां उत्तराखंड फिल्म जगत ममता बनर्जी लालू यादव अजमेर प्रणव मुखर्जी बंगाल मालेगांव विस्फोट विकीलीक्स अटल बिहारी वाजपेयी आशाराम बापू ओसामा बिन लादेन नक्सली अरविंद केजरीवाल एबीवीपी कपिल सिब्बल क्रिकेट तरुण विजय तृणमूल कांग्रेस बजरंग दल बसपा बाल ठाकरे राजिस्थान वरुण गांधी वीडियो सोहराबुद्दीन केस हरिद्वार असम गोवा मनीष तिवारी शिमला सिख विरोधी दंगे सिमी इसराइल एनडीए कल्याण सिंह पेट्रोल प्रेम कुमार धूमल सैयद अहमद बुखारी अनुच्छेद 370 जदयू भारत स्वाभिमान मंच हिंदू जनजागृति समिति आम आदमी पार्टी विडियो-Video हिंदू युवा वाहिनी कोयला घोटाला मुस्लिम लीग छत्तीसगढ़ हिंदू जागरण मंच सीवान
registration for Z.com Research India

लोकप्रिय ख़बरें

ख़बरें और भी ...

राष्ट्रवादी समाचार. Powered by Blogger.

नियमित पाठक